अपने एक महत्वपूर्ण भाषण में ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खुमैनी ने विवादास्पद चुनावों को लेकर गहराए संकट को समाप्त करने की अपील की है। खुमैनी ने कहा कि जो परिणाम आए हैं वे कायम रहेंगे।
उन्होंने विपक्षी नेताओं को चेतावनी देते हुए सड़कों पर विरोध प्रदर्शन समाप्त करने या खूनखराबे और अव्यवस्था के लिए जिम्मेदारी लेने को तैयार रहने को कहा।
लेकिन तेहरान में पहले संभावित विरोध का संकेत दिन ढलते ही शुरू हो गया। रात में विपक्ष के लोग अपने विरोध प्रदर्शन के तरीके के तहत घरों की छतों से तानाशाह का नाश हो और अल्लाह हो अकबर के नारे लगाने लगे।
खुमैनी का कठोर भाषण एक दाँव की तरह देखा जा रहा है जिसका लक्ष्य विपक्ष के आंदोलन को पीछे धकेलना या उन्हें पुलिस या बलों के हाथों दमन की जोखिम लेने को तैयार रहना है।
दमन करने वाले बल खुमैनी के ताकतवर रिवोल्यूशनरी गार्ड और स्वयंसेवक मिलिशिया बासीजी हैं।
विपक्षी नेता मीर हुसैन मुसावी के लिए यह परीक्षा की घड़ी है। एक समय ईरान के प्रधानमंत्री रह चुके मुसावी को अब इस्लामी नेतृत्व को चुनौती देने की अपनी मंशा के बारे में सोचना होगा।
अपने समर्थकों पर नियंत्रण करने को लेकर मुसावी की क्षमता पर भी प्रश्न उठाए जाने लगे हैं। |