अमेरिकी शोधकर्ताओं ने मंगल ग्रह पर एक पुरानी विशाल झील के निशानों का पता लगाया है। इससे इस लाल ग्रह पर अरबों वर्ष पहले जीवन होने के सबूत मिलने की उम्मीदों को बल मिला है।
कोलोराडो यूनिवर्सिटी के एक दल के मुताबिक करीब तीन अरब 40 करोड़ साल पुरानी यह झील 207 वर्ग किलोमीटर के दायरे में फैली है और इसकी गहराई 500 मीटर तक है।
जियोफिजिकल रिसर्च लेटर्स के ताजा संस्करण में प्रकाशित इस शोध में बोल्डर रिसर्च से जुड़े गाएतानो दी अखिली ने कहा कि मंगल ग्रह की सतह पर तट रेखाएँ मिलने के यह पहले सुस्पष्ट प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि तट रेखाओं की पहचान तथा अन्य भौगोलिक सबूत मिलने से हमें करीब तीन अरब 40 करोड़ साल पहले बनी इस झील के आकार का अंदाजा लगाने में मदद मिली।
चित्रों के विश्लेषण से जाहिर होता है कि इस दरियानुमा झील में पानी से दर्रे बने थे, जिनका मुँह घाटी की तरफ खुलता था। इससे तलछट जमा होने से डेल्टा बना था।
अखिली ने बताया कि इस शोध से मंगल पर न सिर्फ लम्बे समय तक क्रियाशील रहे झील के तंत्र का अस्तित्व होने की बात साबित होती है, बल्कि हम यह भी देख सकते हैं कि झील गर्म और नमी वाले दौर के बाद बनी होगी। |