ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन की पत्नी ने लोकतंत्र समर्थक नेता और जेल में बंद आंग सांग सू की के 64वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर म्याँमार केंद्रित एक फिल्म की स्क्रीनिंग का आयोजन किया।
सारा ब्राउन ने प्रधानमंत्री के डाउनिंग स्ट्रीट कार्यालय में इस विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया। उनके कार्यालय में कोई फिल्म दिखाए जाने का यह पहला मौका था। यह कार्यक्रम म्याँमार में अगले साल होने वाले चुनाव के पहले सू ची को रिहा किए जाने के आह्वान के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए था।
विदेश कार्यालय प्रवक्ता ने कहा कि 'बर्मा वीजे' के प्रदर्शन में एक मंत्री के अलावा कई प्रमुख लोगों ने भाग लिया। इस फिल्म में म्याँमार के सैनिक शासन में अन्याय और ज्यादतियों का खुलासा किया गया है।
यह फिल्म 14 जुलाई को पूरे देश में प्रदर्शित होगी। वीडियो पत्रकारों ने गुप्त कैमरों की मदद से विभिन्न दृश्यों को शूट किया है। |