कर भुगतान संबंधी विवाद के बाद ब्रिटेन की वित्तमंत्री किट्टी उशेर ने बुधवार रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
ऐसी खबरें हैं कि 2007 में उन्होंने अपना एक घर बेचा था, लेकिन उन्होंने कैपिटल गेन कर का भुगतान नहीं किया था। हालाँकि उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है।
इसके साथ ही उशेर ने कहा कि गोर्डन ब्राउन सरकार को असहज स्थिति से बचाने के लिए उन्होंने इस्तीफा दिया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे अगला चुनाव नहीं लड़ेंगी।
प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन को भेजे इस्तीफे में उशेर ने कहा कि काफी अफसोस के साथ मैंने सरकार से इस्तीफा देने का फैसला किया है। काफी सोच विचार के बाद मैं इस नतीजे पर पहुँची हूँ, क्योंकि मैं आपको या आपकी सरकार को असहज स्थिति में नहीं डालना चाहती।
उशेर 2005 में संसद के लिए चुनी गई थीं। जल्दी ही उन्हें कार्य एवं पेंशन विभाग में शहरी मंत्री नियुक्त किया गया। इसी महीने कैबिनेट की फेरबदल में उन्हें वित्त मंत्री नियुक्त किया गया था। उशेर के पहले लेबर सरकार की कई हस्तियों को हाल में इस्तीफा देना पड़ा है।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कई सांसदों ने अपने खर्च का सार्वजनिक रूप से खुलासा किए जाने के बाद 2010 में होने वाला चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। |