नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित शताब्दियों पुराने विश्व प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में बहुत जल्द ऑनलाइन पूजा की जा सकेगी। पहली बार मंदिर प्रशासन ने ऑनलाइन पूजा की व्यवस्था की है। पशुपतिनाथ मंदिर हिंदुओं के आठ पवित्रतम तीर्थ स्थानों में से एक है।
मंदिर मामलों का प्रबंधन करने वाले पशुपतिनाथ एरिया डेवलपमेंट ट्रस्ट के सदस्य सचिव परमानंद शाक्य ने कहा कि इंटरनेट पर पूजन के लिए हम जरूरी इंतजाम कर रहे हैं। यह बहुत जल्द शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु इंटरनेट के जरिये अपनी प्रार्थना पंजीकृत करा सकते हैं और जरूरी भुगतान क्रेडिट कार्ड के जरिये करना होगा।
शाक्य ने कहा कि प्रसाद और पुष्प कुरियर के माध्यम से श्रद्धालुओं तक पहुँचा दिए जाएँगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए दाम और विस्तृत प्रक्रिया तय की जा रही है। |