श्रीलंका क्रिकेट टीम पर कल हुए हमले के संबंध में पाकिस्तानी अधिकारियों ने 12 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है और सरकार ने हमलावरों के संबंध में जानकारी देने पर एक करोड़ रुपए ईनाम देने की पेशकश की है।
गौरतलब है कि कल हुए इन हमलों में छह खिलाड़ी घायल हुए थे। शहर के गुलबर्ग क्षेत्र में कल विशेष जाँच दल द्वारा छात्रावासों और गेस्ट हाउस में मारे गये छापों में 12 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है।
खबरों में कहा गया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों में कोई प्रमुख संदिग्ध नहीं और जाँच में कोई उल्लेखनीय सफलता हासिल नहीं हुई है।
पंजाब प्रांत की सरकार ने हमलों के जिम्मेदार आतंकवादियों और उनके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुख्ता जानकारी के लिए एक करोड़ रुपए इनाम देने की पेशकश की है।
प्रांतीय सरकार ने इस संबंध में अखबारों में विज्ञापन देकर हमलावरों की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए जनता की मदद माँगी है।
गद्दाफी स्टेडियम के पास एक व्यस्ततम मार्ग पर श्रीलंकाई क्रिकेट टीम को ले जा रही बस और साथ चल रहे पुलिस के वाहन पर सशस्त्र आतंकवादियों के हमला करने के बाद सरकार ने कल विशेष जाँच दल का गठन किया था।
इस हमले में आठ व्यक्तियों की मौत हो गई जिनमें अधिकतर पुलिसकर्मी शामिल थे। छह खिलाड़ियों और एक कोच सहित 20 से अधिक लोग इस हमले में घायल हुए। हमले के बाद श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया।
पंजाब के गवर्नर सलमान तासीर ने कल रात एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमलों के बारे में कुछ सुराग हासिल हुए हैं। हालाँकि यह कहना जल्दबाजी होगी कि हमलों के लिए कौन जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि जाँच के दौरान अगर कोई सुरक्षा खामी पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
तासीर ने यह भी कहा कि आतंकवादी हमले के पीछे किसी गुप्त या विदेशी हाथ के बारे में आरोप लगाने की बजाय पूरी जाँच कराई जाएगी ताकि सबूत जुटाए जा सकें। यह हमला प्रशिक्षित आतंकवादियों ने किया और इसकी तैयारी महज कुछ दिनों में नहीं की गई। इस बीच श्रीलंका के विदेश मंत्री रोहित बोगोल्लागामा अपने पाकिस्तानी समकक्ष शाह मेहमूद कुरैशी से बातचीत के लिए आज सुबह इस्लामाबाद पहुँचे। |