मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय > पाक में श्रीलंका टीम पर आतंकी हमला
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
पाक में श्रीलंका टीम पर आतंकी हमला
छह क्रिकेटर घायल, सुरक्षाकर्मियों समेत आठ मरे
क्रिकेटरों पर आतंकवादी हमले की अब तक पहली घटना में मंगलवार को श्रीलंका के छह क्रिकेटर घायल हो गए, जबकि उनके सुरक्षाकर्मियों सहित आठ लोग मारे गए, जिसके बाद श्रीलंका सरकार ने तुरंत अपनी क्रिकेट टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द कर टीम को वापस बुला लिया।

स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा, रहस्यमयी स्पिनर अजंता मेंडिस के अलावा पिछले दो टेस्ट मैच में दोहरे शतक जमाकर चर्चा में आने वाले मध्यक्रम के बल्लेबाज तिलन समरवीरा, तरंगा परानविताना, सुरंगा लकमल और तिलन तुषारा सुबह गद्दाफी स्टेडियम से एक किलोमीटर से भी कम दूर स्थित लिबर्टी चौक पर हुए हमले में घायल हो गए।

सहायक कोच पॉल फरब्रेस को भी हमले में मामूली चोटें आई हैं। हमला लगभग एक दर्जन नकाबपोश आतंकवादियों ने किया, जिनके पास राइफलें ग्रेनेड और राकेट लांचर थे। आतंकवादियों ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को ले जा रही लग्जरी बस को उस समय निशाना बनाया जब क्रिकेटर पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन के खेल के लिए गद्दाफी स्टेडियम जा रहे थे।

म्यूनिख ओलिंपिक 1972 के बाद खेलों पर हुए दूसरे सबसे बड़े हमले के बाद श्रीलंका ने दौरा रद्द कर दिया। गौरतलब है कि श्रीलंका ने भारत के स्थान पर पाकिस्तान दौरा किया था, जिसने मुंबई आतंकी हमले के बाद वहाँ जाने से इनकार कर दिया था।

आतंकवादियों के साथ आधे घंटे तक चली मुठभेड़ में आठ व्यक्ति मारे गए, जिनमें से अधिकतर टीम के साथ जा रहे सुरक्षाकर्मी हैं। घटना के बाद श्रीलंकाई टीम को पाकिस्तानी वायुसेना के हेलिकॉप्टर से स्टेडियम से हवाई अड्डे पहुँचाया गया, जहाँ से वे कोलंबो रवाना हो गए।

मुंबई जैसा हमला : पंजाब के गवर्नर सलमान तासीर ने कहा कि यह हमला मुंबई में आतंकवादी हमलों की तरह ही था, जिसके लिए भारत ने लश्कर-ए-तोइबा सहित पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा कि मैं कहना चाहता हूँ कि यह हमला उसी तरह से किया गया। यह उन्हीं आतंकवादियों का काम था, जिन्होंने मुंबई पर हमला करवाया था।

टीम को बंधक बनाना चाहते थे : पाकिस्तानी टेलीविजन चैनल डॉन न्यूज ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि आतंकवादी श्रीलंकाई टीम को बंधक बनाना चाहते थे।

श्रीलंकाई उच्चायोग के प्रवक्ता चामरा रनवीरा ने कहा कि घायल खिलाड़ियों समरवीरा और परानविताना को गोलियाँ लगीं और उन्हें सेना अस्पताल ले जाया गया। वे दोनों खतरे से बाहर हैं। इन दोनों खिलाड़ियों को बाद में स्ट्रेचर पर ले जाया गया, जहाँ से वे तीन चिकित्सकों के साथ हेलिकॉप्टर से लाहौर हवाई अड्डे पहुँचे।

हमलावर फरार : टीवी फुटेज में बंदूकधारियों को बस पर हमला करते हुए और वहाँ से भागते हुए दिखाया गया है। कई गाड़ियाँ क्षतिग्रस्त हुईं, जबकि कई ग्रेनेड इधर-उधर छितरे हुए थे। लाहौर के पुलिस प्रमुख हबीबुर रहमान ने कहा कि कोई भी हमलावर मारा नहीं गया और किसी को गिरफ्तार भी नहीं किया गया।

संगकारा ने कहा कि हम सभी को हलकी चोटें आई हैं, जबकि कुछ को छर्रों से चोट लगी। हम सभी अच्छे हैं। अभी हम स्वदेश लौटने के अलावा किसी और चीज के बारे में नहीं सोच रहे हैं। श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने के घायल होने को लेकर भी विरोधाभासी खबरें आ रही हैं।

राजपक्षे का दौरा रद्‍द : श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने हमले के बाद नेपाल का अपना दौरा बीच में ही रद्द कर दिया। उन्होंने विदेश मंत्री रोहिता बोगालोगामा को टीम की सुरक्षित कोलंबो वापसी में मदद करने के लिए तुरंत पाकिस्तान भेज दिया।

लाहौर के पुलिस प्रमुख रहमान ने कहा कि दो श्रीलंकाई क्रिकेटरों को गोली लगी है। इसमें एक को छाती पर और दूसरे को पैर में गोली लगी है। उन्होंने हालाँकि इस बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। रहमान ने कहा कि वे प्रशिक्षित आतंकवादी थे और रिक्शे में आए थे।

चार संदिग्ध गिरफ्तार : पुलिस ने दावा किया कि चार संदिग्धों को मॉडल टाउन क्षेत्र में हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा ग्रेनेड विस्फोटकों और अन्य सामग्री से भरी हुंडई कार भी जब्त की गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि एक अलग कार में जा रहे रिजर्व अंपायर अहसान रजा को गंभीर चोट लगी है और स्थानीय अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया।

हमले के कई घंटों बाद दो कार बम निष्क्रिय किए गए। इसके अलावा लाहौर में बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए। पाकिस्तानी टीम घटना के समय होटल में थी। अधिकारियों ने इसके बाद उन्हें होटल से बाहर नहीं निकलने दिया।

क्रिकेटरों को ले जा रही बस के ड्राइवर ने बस को तेजी से घटनास्थल से निकाल ले जाने के बाद पत्रकारों को बताया कि आतंकवादियों ने चारों ओर से बस पर हमला किया। बस के पीछे से रॉकेट दागा गया, जिसका निशाना चूक गया और बिजली के खंभे से जा टकराया।

ड्राइवर ने बताया कि उसने सलवार कमीज पहने एक लंबे और दाढ़ी वाले आतंकवादी को सफेद कार से निकलते देखा जिसने बस पर गोलियाँ चलाईं। दूसरे आतंकवादी ने एक ग्रेनेड फेंका जो बस के नीचे से निकल गया।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा रद्द करने के बाद श्रीलंका ने वहाँ खेलने पर हामी भरी थी। वह पहले भी तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला खेलने के लिए यहाँ आई और फिर भारत के साथ पाँच वनडे मैच खेलने के लिए स्वदेश जाने के बाद वापस टेस्ट सिरीज खेलने के लिए लौटी थी।

किसी भी ग्रुप ने अभी तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पंजाब प्रांत के पुलिस प्रमुख खालिद फारूख ने कहा कि यह सुनियोजित हमला था। हमलावर पठानों जैसे लग रहे थे।
स्तंभित रह गए प्रत्यक्षदर्शी
हमले के पीछे आतंकवादियों का हाथ
सद्‍भाव दूत के रूप में पाक गए थे खिलाड़ी
भारत से आए थे आतंकवादी-पाकिस्तान
भारत-पाक सीमा पर सतर्कता बढ़ी
आतंक का स्रोत बना पाकिस्तान-कांग्रेस
पाकिस्तान को ब्लैकलिस्ट कर देना चाहिए-कपिल
हमले से टॉम मूडी स्तब्ध
क्रिकेट पर आतंक का साया
बीसीसीआई श्रीलंका क्रिकेट के साथ
क्रिकेटरों पर हमले से हैरान है सीए
श्रीलंका टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द
हमले से पाक में खेलों को झटका-बीसीसीआई
पाक पर बढ़ा अलग-थलग होने का खतरा
पाकिस्तान में विश्वकप आयोजन खतरे में
पाक अंतरराष्ट्रीय मैच के काबिल नहीं-आईसीसी
खून से सनी कमीज में टहल रहे थे ब्राड
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
बांग्लादेश राइफल्स का पुनर्गठन होगा
तालिबान पर अकेले जीत संभव नहीं-हार्पर
स्लमडॉग का पैसा बच्चों के लिए दिया-बॉयल
गिनी बिसाउ के राष्ट्रपति की हत्या
अभिनेत्री जेनिफर ने खाए कुत्तों के बिस्किट!
कसाब को पाक की हिरासत में देना जरूरी