बराक ओबामा को पूरी दुनिया में उम्मीद की एक नई किरण के तौर पर देखा जा रहा है और बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी अमेरिका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण को जीवन का एक ऐतिहासिक दिन और क्षण माना है।
अमिताभ बच्चन ने मंगलवार रात अपने घर में टेलीविजन पर ओबामा का शपथ ग्रहण समारोह देखा। उन्होंने इस संबंध में अपने ब्लॉग में लिखा है हमारे जीवन का यह एक ऐतिहासिक क्षण और ऐतिहासिक दिन है, अमेरिका के 44वें राष्ट्रपति एक अफ्रीकी अमेरिकी बने हैं। यह स्वतंत्रता और लोकतंत्र की जीत हैं।
अमिताभ ने ओबामा के निर्वाचन पर काफी गंभीरता के साथ अपने विचार व्यक्त करते हुए लिखा है कि यह एक प्रेरणादाई क्षण है। इस क्षण यह अहसास होता है कि सब कुछ अच्छा होगा। यह ऐसा क्षण है जो हम सभी को विनम्रता से भर देता है। यह आस्था विश्वास और उम्मीदों का क्षण है। यह आंतरिक मजबूती और शक्ति का क्षण है।
उन्होंने कहा कि ओबामा की जीत ऐसी है जो हम सभी को प्रेरित करेगी। हमारी सभी उपलब्धियों और लक्ष्यों को हासिल करने में हमारा मार्गदर्शन करेगी।
वह कहते हैं कि अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर पहली बार किसी अश्वेत के निर्वाचित होने की घटना में कुछ ऐसा है जो हमारे अंदर आशावाद और प्रतिबद्धता का संचार करता है। (भाषा) |