अमेरिका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति बराक ओबामा के दुनिया के सबसे ताकतवर देश की कमान संभालने के वक्त मंगलवार को अमेरिकी संस्कृति, ईश्वर के प्रति श्रद्धा और भविष्य को लेकर आशा की समन्वित झलक देखने को मिली।
दुनिया के समक्ष विकास और नेतृत्व की नजीर अमेरिका के नए राष्ट्रपति ने स्वयं ईश्वर के नाम पर शपथ ली और दुनिया के समक्ष मौजूद चुनौतियों का मुकाबला करने का संकल्प लेते हुए कहा भी कि हम यहाँ इसलिए एकत्र हुए हैं क्योंकि हमने आशा को चुना है।
जनसैलाब के समक्ष विरासत को संभालने का दायित्व अपने ऊपर लेने वाले ओबामा के शपथ से पूर्व महिला उद्घोषक ने भगवान अमेरिका को आशीर्वाद दें (गॉड ब्लेस अमेरिका) कहा तो पास्टर रिक वारेन ने अपनी धार्मिक प्रार्थना की शुरुआत आल माइटी गॉड (सर्वशक्तिमान ईश्वर) से की और ईसा मसीह को भी याद किया।
काला सूट और काले दस्ताने पहने ओबामा के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान इतजेक पर्लमेन ने वायलिन की धुन छिड़ी तो यो यो मा ने सेलो बजाया। इससे पहले एरेथा फ्रेंकलीन ने स्वागत गीत माय कंट्री.... भी गाया। |