अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा सलाहकार केन वैनस्टीन ने कहा है कि अमेरिका के शहरों में भी मुंबई जैसा हमला हो सकता है।
वैनस्टीन ने कहा कि भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में गत 26 नवंबर को हुआ आतंकी हमला साबित करता है कि किसी भी खुले शहर में ऐसे सुनियोजित हमले कितने कारगर हो सकते हैं। इस हमले में 179 लोग मारे गए थे।
उन्होंने कहा कि ऐसा अमेरिका के किसी भी शहर में हो सकता है और जब आप इस बारे में सोचते हैं तो आपकी कँपकँपी छूट जाती है। इस प्रकार के हमले इतने वास्तविक हैं कि ये दुनिया में कहीं भी हो सकते हैं।
वैनस्टीन ने कहा कि मुंबई हमलों से कई सबक सीखे जा सकते हैं। खासकर होटलों में सुरक्षा को संभावित खतरों के बारे में आगाह करने की जरूरत है। साथ ही लोगों को भी ऐसे खतरों के प्रति जागरूक बनाने की आवश्यकता है। |