अमेरिका के दबाव के बाद पाकिस्तान ने बुधवार को अपने सुर बदलते हुए कहा कि वह मुंबई आतंकवादी हमले के बारे में भारत की ओर से मुहैया कराई गई सूचना को आगे बढ़ाने को तैयार है ताकि पूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सके। उसने दावा किया कि उसकी अपनी जाँच में प्रगति हुई है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री युसुफ रजा गिलानी ने कहा कि मुंबई हमलों के मामले में हमारी अपनी जाँच में प्रगति है। हमें भारतीय जाँचों के बारे में अंतरिम प्रकृति की कुछ सूचनाएँ प्राप्त हुई हैं। हम इस प्रक्रिया को पूर्ण तथ्यों को उजागर करने के दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि इस जघन्य अपराध के षड्यंत्रकारी न्याय के अधीन लाए जा सकें, चाहे वे कोई भी हों।
विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद सादिक ने कहा कि पूरी सच्चाई का खुलासा करने और कानूनी समीक्षा पर खरा उतरने वाले सबूत स्थापित करने के लिए भारत द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है।
भारत के साथ युद्ध की आशंका से इनकार करने वाले आईएसआई के शक्तिशाली प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शुजा पाशा ने भी संतोषप्रद टिप्पणी में कहा कि आतंकवाद प्रमुख शत्रु है न कि वह देश।
पाक नेतृत्व ने हालाँकि मुंबई हमलों में पाकिस्तान की कुछ सरकारी एजेंसियों के शामिल होने के बारे में प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह की टिप्पणी के लिए उन्हें निशाना बनाया। |