श्रीलंकाई सेना का इरानामाडु हवाई पट्टी पर पूरी तरह नियंत्रण हो गया है, लेकिन इस बारे में कोई संकेत नहीं है कि लिट्टे की वायु सेना का क्या हश्र हुआ है।
इरानामाडु हवाई पट्टी से ही लिट्टे ने राजधानी कोलंबो सहित सरकारी नियंत्रण वाले इलाकों में कई बार हवाई हमले किए थे। लिट्टे की वस्तुतः राजधानी किलिनोच्चि से कुछ किलोमीटर दूर इस हवाई पट्टी को हाल में सेना ने मुक्त कराया, लेकिन बताते हैं लिट्टे अपने लड़ाकू विमान कहीं और ले गया है।
लिट्टे के आखिरी गढ़ मुल्लईतिवु के ठीक बाहर स्थित लिट्टे की दो और हवाईपट्टियों पर सेना हमला करने की दूरी पर है। मीडिया के कुछ लोगों को इरानामाडु कस्बे के इर्द-गिर्द ले जाया गया, जहाँ ग्रेनेड के खोल तथा लिट्टे के पीछे हटते उग्रवादियों द्वारा छोड़ी गई और कुछ सामग्री देखने को मिली।
57 डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमान्डिंग मेजर जनरल एनएजेसी दास ने बताया हमारे अनुमान के मुताबिक पिछले 14 माह में लिटटे के 4073 उग्रवादी मारे गए हैं, जबकि लिट्टे उग्रवादियों की बीच में सुनी गई बातचीत के अनुसार 3447 उग्रवादी मारे गए हैं। रक्षा अधिकारियों का मानना है कि इरानामाडु पर कब्जे से लिट्टे की वायु ताकत को एक बड़ा झटका लगा है। |