दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका की बागडोर संभालने जा रहे निर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि आने वाला समय असाधारण आर्थिक चुनौतियों का है और इनसे निबटने के लिए शीघ्रता बरतने की आवश्यकता है।
ओबामा 20 जनवरी को राष्ट्रपति का पद संभालेंगे। उन्होंने अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी से अपनी मुलाकात के पहले यहाँ कहा कि इस समय हमारे सामने असाधारण आर्थिक चुनौतियाँ हैं।
ओबामा अपने गृहनगर शिकागो से सोमवार को वॉशिंगटन पहुँचे और आने के बाद संसद के किसी पदाधिकारी से उनकी यह पहली मुलाकात थी। उन्होंने कहा कि वे अमेरिकी आर्थिक संकट का समाधान निकालने के सिलसिले में ही पेलोसी से मिलने जा रहे हैं। इस मुलाकात के कुछ ही दूरी पर वह मंच बनाया जा रहा है, जहाँ ओबामा पद की शपथ लेंगे। वे इस दृश्य को देखकर खुशी से गद्गद् थे।
ओबामा ने कहा कि मैं बताना चाहता हूँ कि अध्यक्ष के साथ यहाँ बैठकर मुझे कितनी खुशी हो रही है। हमारे पीछे शपथ-ग्रहण समारोह का मंच तैयार किया जा रहा है, लेकिन आज हमारी इस मुलाकात की वजह यह है कि लोगों के काम-धंधे को बचाने में देर नहीं की जा सकती। |