अमेरिका ने कहा है कि 26 नवंबर 2008 के मुंबई हमलों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं तथा पाकिस्तान यह सुनिश्चित करेगा कि इस हमले से जुड़े लोग दोबारा ऐसी हरकत न कर सकें।
अमेरिकी विदेश विभाग में दक्षिण एशियाई मामलों के प्रभारी सहायक मंत्री रिचर्ड बाउचर ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी एवं सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी से मुलाकात के बाद देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
बाउचर ने कहा कि मुंबई हमलों की अब तक हुई जाँच और प्राप्त सबूतों से साफ है कि हमलावरों के तार पाकिस्तान से जुड़े थे। हालाँकि उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान सरकार की जमातुद्र दावा के खिलाफ कार्रवाई दर्शाती है कि वह अपनी धरती से आतंकवाद का सफाया करना चाहता है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपने उस संकल्प को लागू करना होगा और हमलावरों के संगठनों को नेस्तनाबूद करके यह सुनिश्चित करना होगा कि वे ऐसी हरकत फिर कभी न करें। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पाकिस्तान ऐसा अवश्य करेगा।
बाउचर ने भारत द्वारा मुंबई हमलों से जुड़े सबूतों को पाकिस्तान को दिए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इसे दोषियों को पकड़ने में पाकिस्तान को मदद मिलेगी।
कश्मीर के विषय में पूछे जाने पर अमेरिका के सहायक विदेशमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान और भारत ने अपने रिश्तों को सुधारने के तमाम उल्लेखनीय प्रयास किए हैं तथा उम्मीद है कि वे कश्मीर मसले का द्विपक्षीय हल खोज लेंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों को ऐसे तत्वों और संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी जो दोनों देशों के बीच तनाव पैदा करने की ताक में हैं। |