मंदी के इस दौर में अमेरिका में हो रही छँटनी में अब तक जहाँ 20 लाख लोग अपनी नौकरियाँ गँवा चुके हैं वहीं देश की अग्रणी खुफिया एजेंसी एफबीआई बड़े पैमाने पर भर्ती करने जा रही है।
एफबीआई ने कहा कि वह 850 विशेष एजेंटों की नियुक्ति कर रही है। इसमें वैसे लोगों को तरजीह दी जाएगी, जिन्हें हिन्दी, पंजाबी और उर्दू समेत अन्य महत्वपूर्ण विदेशी भाषाओं की अच्छी जानकारी हो। एफबीआई 2100 सपोर्ट स्टॉफ की भी नियुक्ति कर रही है।
एफबीआई में भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए लोगों से अपील करते हुए एजेंसी के सहायक निदेशक जॉन राओक्को ने कहा कि आपकी चाहे जो पृष्ठभूमि या विशेषज्ञता हो आप एफबीआई को बेहद उत्कृष्ट पाएँगे। यह चुनौतीपूर्ण, बाध्यकारी और महत्वपूर्ण है, क्योंकि जो काम आप करेंगे उसका देश की सुरक्षा और अमेरिकी नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता पर दैनिक प्रभाव पड़ेगा।
सीएनएन के अनुसार राउक्की ने कहा कि हम ऐसे पेशेवरों की भी तलाश कर रहे हैं जो विभिन्न क्षेत्रों से आए हों तथा जिनमें हमारे देश को आतंकवादियों, जासूसों तथा अन्य से बचाने में मदद करने की गहरी अभिलाषा हो। |