इसराइल ने सोमवार को सैकड़ों टैंकों को इकट्ठा किया जिसके बाद गाजा पट्टी पर जमीनी हमलों की आशंका बढ़ गई है। वहीं लड़ाकू विमानों ने आज तीसरे दिन भी हमास के ठिकानों पर बमबारी जारी रखी। हमलों में मरने वाले फिलिस्तीनियों की संख्या 315 पहुँच गई है।
हिंसा रोकने के लिए उठ रहीं अंतरराष्ट्रीय आवाजों के बाद भी हमलों में कमी नहीं आई है और इस बीच रक्षामंत्री एहुद बराक ने चेतावनी दी है कि इसराइल इस जंग में हमास को पूरी तरह खत्म कर देगा।
उन्होंने कहा कि हम गाजा के नागरिकों के खिलाफ कुछ नहीं कर रहे, लेकिन हम हमास और इसके प्रतिनिधियों को पूरी तरह खत्म करने के लिए जंग कर रहे हैं। बराक ने कहा कि इसराइलियों के पास कोई अन्य विकल्प नहीं है।
इसराइली रक्षामंत्री ने संसद के एक विशेष सत्र में आज कहा कि यह यहूदी देश गाजा के नागरिकों के खिलाफ नहीं लड़ रहा है, लेकिन हमास और इसकी शाखाओं को खत्म करने के लिए जंग लड़ी जा रही है। बराक ने कहा कि इसराइल गाजा पट्टी में अपनी सैन्य कार्रवाई को बढ़ाएगा, जब तक कि सभी मकसद पूरे नहीं हो जाते।
उधर राष्ट्रपति महमूद अब्बास के नेतृत्व वाले फिलिस्तीनी अथॉरिटी (पीए) ने यहूदी देश से शांति वार्ता को टालने का फैसला किया है। प्रमुख वार्ताकार पूर्व प्रधानमंत्री अहमद कुरैला ने बताया कि जब हमारे खिलाफ हमले हो रहे हैं तो बातचीत का कोई रास्ता नहीं है।
तुर्की की मध्यस्थता में यरुशलम के साथ अप्रत्यक्ष बात करने वाली सीरियाई सरकार ने भी कल वार्ता बंद कर दी।
इसराइल के हमलों में सरकारी इमारतों, इस्लामी विश्वविद्यालय, बर्खास्त प्रधानमंत्री इस्माइल हानिये के घर के पास की एक इमारत और दर्जनों सुरक्षा संस्थानों की इमारतों को तबाह कर दिया गया है।
गाजा में स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि गाजा में तीन दिन में मरने वालों की कुल संख्या 315 हो गई है। इनमें 15 साल से कम उम्र के सात बच्चे भी हैं, जो रविवार और सोमवार को दो अलग-अलग हमलों में मारे गए।
1967 की जंग के बाद अब तक के सबसे बड़े हमलों में इसराइल ने शनिवार को हमास पर निशाना साधते हुए गाजा पर हमले कर दिए। एहुद बराक ने सदन में आज अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा के बयान का जिक्र किया। इसराइली रक्षामंत्री ने सदन को बताया कि यदि उनके घर पर उस समय रॉकेट दागे जाएँ जब उनकी दो बच्चियाँ सो रही हों तो वे उन्हें बचाने के लिए कुछ भी करेंगे।
उधर जॉर्डन के एक सांसद ने आज कहा कि जॉर्डन की संसद ने सरकार से अनुरोध किया है कि यदि इसराइल द्वारा गाजा पर हमले नहीं रोके जाते तो इस यहूदी देश के साथ संबंधों पर पुनर्विचार किया जाए।
सांसद खलील अतिये ने कहा कि निचले सदन ने रविवार की रात सरकार से यह कहने का फैसला किया कि यदि गाजा पर इसराइल के हमले जारी रहते हैं तो इसके साथ संबंधों पर पुनर्विचार किया जाए।
ईरान में रैली निकाली : इसराइली हवाई हमलों की निंदा करते हुए हजारों ईरानवासियों ने आज तेहरान में प्रदर्शन किया और फिलिस्तीनियों के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर लिए हुए थे जिन पर लिखा था धरती से इसराइल का सफाया हो और हम सभी को उठना चाहिए और इसराइल को तबाह करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों में अनेक ईरानी अधिकारी तथा सैन्य कमांडर थे। |