बांग्लादेश में करीब दो साल तक अंतरिम सरकार के जरिये सेना के परोक्ष शासन के बाद लोकतंत्र की बहाली के लिए होने वाले चुनाव के लिए मतदान सोमवार की सुबह स्थानीय समयानुसार आठ बजे शुरू हो गया। मतदान के लिए मतदान बूथों के बाहर सुबह से ही भारी संख्या में मतदाता कतारों में लगे हुए हैं।
राजधानी ढाका के एक मतदान बूथ पर स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने से एक घंटा पहले से ही सैकड़ों लोग कतारों में लग गए थे। बांग्लादेश के अधिकतर क्षेत्रों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान की गति कुछ धीमी रहने की संभावना है।
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग तथा बेगम खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के गठबंधनों के बीच होगा। स्थानीय सर्वेक्षणों में शेख हसीना के नेतृत्व वाले गठबंधन को बढ़त बताई गई है।
बांग्लादेश के करीब आठ करोड़ दस लाख मतदाता 300 में से 299 सीटों के लिए 39 पार्टियों के 1555 प्रत्याशियों में से अपने प्रतिनिधियो का चुनाव करेंगे। एक सीट के लिए चुनाव 12 जनवरी को होगा। वहाँ उम्मीदवार की मृत्यु के कारण चुनाव स्थगित किया गया है। मतदान के लिए देशभर में 35216 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। चुनाव की निगरानी के लिए 500 से ज्यादा विदेशी तथा दो लाख से ज्यादा स्थानीय प्रेक्षक तैनात किए गए हैं। मतदान आज शाम चार बजे तक चलेगा।
मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए देशभर में पुलिस, त्वरित कार्रवाई बटालियन एवं सशस्त्र पुलिस बटालियन के 80567 जवान तथा 466000 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। इनमें से 38928 सुरक्षाकर्मी राजधानी ढाका की सुरक्षा में तैनात हैं।
इनके अलावा सेना के 50 हजार जवान जिला एवं ब्लाक स्तर पर कार्रवाई बल के तौर पर तैनात रहेंगे। इसके साथ ही देश में दो लाख स्थानीय तथा 500 विदेशी पर्यवेक्षक मतदान पर नजर रख रहे हैं। |