बेल्जियम के राजा अल्बर्ट ने डचभाषी क्रिश्चियन डेमोक्रेट हर्मन वान रोम्पी को देश की नई सरकार की कमान सौंपी है।
देश की पिछली सरकार को गत 19 दिसंबर को फोर्टिस बैंक को राहत देने से जुड़े घोटाले को लेकर हटना पड़ा था। 61 वर्षीय वैन रोंपी को पूर्व प्रधानमंत्री लेतरमे की जगह लेना है। वे फिलहाल संसद अध्यक्ष हैं।
राजा ने पूर्व प्रधानमंत्री विल्फ्रेड मार्टेन्स के सुझाव पर रोंपी को प्रधानमंत्री मनोनीत किया। उन्होंने छह दिन राजनैतिक दलों की राय लेने में लगाए। उन्हें आने वाले दिनों में पाँच दलीय गठबंधन के नेताओं के साथ नीतिगत मुद्दों पर चर्चा करना है। इसके बाद राजा रोंपी की सरकार को औपचारिक तौर पर शपथ दिलाएँगे। रोंपी की छवि एक बेदाग और भरोसेमंद नेता की है।
फ्रैंकोफोन लिबरल्स के प्रमुख एवं वित्तमंत्री डिडियर रेंडर्स ने कहा कि गठबंधन के पाँच सहयोगी 2011 में होने वाले अगले चुनाव तक अपना कार्यकाल पूरा करना चाहते हैं।
लेतरमे और उनकी सरकार में न्यायमंत्री रहे वांडरजेन पर आरोप है कि उन्होंने बेल्जियम के सबसे बड़े बैंक फोर्टिस की फ्रांस के बीएनपी पेरिबस के हाथों बिक्री को मंजूरी देने के लिए अपीली अदालत को प्रभावित करने की कोशिश की। |