बॉलीवुड का ब्रिटेन के साथ बढ़ते लगाव का ही असर है कि पूर्वोत्तर इंग्लैंड में कोयला खनन शहर न्यूकैसिल भारतीय फिल्मों की शूटिंग के लिए पसंदीदा लोकेशन बनता जा रहा है।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इस साल बॉलीवुड की तीन फिल्मों की शूटिंग यहाँ हुई है और 2009 में कम से कम चार और मुंबइया फिल्मों की शूटिंग निर्धारित है।
गौरतलब है कि ब्रिटेन के विभिन्न स्थानों में भारतीय फिल्मों को फिल्माने का चलन बढ़ता जा रहा है। न्यूकैसिल ब्रिटेन की वह नई जगह है जो बॉलीवुड निर्माताओं की पसंदीदा शूटिंग स्थल बनी है।
इस शहर में 2008 में तीन फिल्मों 'कौन बोला', 'अपनी बोली अपना देश' और 'फिर' की शूटिंग हुई है। फिर के निर्माता और कौन बोला के लोकेशन मैनेजर ली एलीस्टोन ने बताया कि इस क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग को लेकर निर्माताओं का विश्वास बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि न्यूकैसिल में बॉलीवुड के चार निर्माता अपनी फिल्म बनाना चाहते हैं। यहाँ फिल्मों की शूटिंग करना बेहद आसान है। यहाँ के लोग बहुत मददगार हैं। |