मुंबई में आतंकवादी हमलों के मद्देनजर भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा नीति को कड़ा कर दिया। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि वीजा आवेदनों के निपटारे के लिए कम से कम एक महीने के समय की जरूरत होगी और नए नियम सभी वीजा आवेदकों पर लागू होंगे। इनमें चिकित्सा के लिए भारत आने वाले पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल होंगे।
भारत ने मुंबई में हुए आतंकी हमलों के लिए प्रतिबंधित लश्कर-ए-तोइबा समेत पाकिस्तान स्थित तत्वों को जिम्मेदार ठहराया है। भारत ने पाकिस्तान से कहा है कि वह ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करे। मुंबई हमलों में 180 से अधिक लोग मारे गए थे।
भारतीय उच्चायोग से जारी बयान में कहा गया है कि अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की दृष्टि से यह कदम उठाया गया है। बयान में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान के नागरिकों के लिए एक नया वीजा आवेदन पत्र शुरू किया गया और इसे 15 दिसंबर से स्वीकार किया जाएगा। |