रूस के प्रधानमंत्री ब्लादीमिर पुतिन ने आज संकेत दिए कि वे अपने घनिष्ठ मित्र एवं राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव का कार्यकाल पूरा होने के बाद फिर से राष्ट्रपति बन सकते हैं।
पुतिन से यहाँ जब एक संवाददाता ने पूछा कि क्या वे अगले वर्ष राष्ट्रपति बनने की संभावना खारिज करते हैं, इस पर उन्होंने कहा कि रूस का अगला आम चुनाव 2012 में होगा। हमें उस समय तक प्रतीक्षा करनी होगी, फिर देखा जाएगा कि क्या करें।
मेदवेदेव ने पिछले माह पुतिन को जल्दी क्रेमलिन वापसी की अटकलों को बल दिया, जब उन्होंने अप्रत्याशित रूप से राष्ट्रपति का कार्यकाल बढ़ाकर छह वर्ष किए जाने का प्रस्ताव किया। इस बयान को देश में पुतिन के हक में देखा गया।
पुतिन ने कहा कि वह तालमेल वाली सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं। दो व्यक्ति घनिष्ठतापूर्ण तालमेल से सरकार को कुशलतापूर्वक चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मेदवेदेव के साथ उनकी सरकार बहुत अच्छी चल रही है। |