रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने आतंकवाद से लड़ने के लिए व मुंबई हमलों की जाँच के लिए भारत को पूरी तरह सहयोग देने की बात कही। उन्होंने दूरदर्शन के साथ एक साक्षात्कार में कहा हम आतंकवाद विरोधी सभी मुद्दों पर भारत के साथ पूरी तरह सहयोग करने को तैयार हैं।
भारत को एक विशेष देश की संज्ञा देते हुए रूसी राष्ट्रपति ने कहा हमारी बहुत अच्छी और मैत्रीपूर्ण साझेदारी है, यह एक रणनीतिक रिश्ता है। दवेदेव ने आतंकवाद को सामूहिक खतरा कहा और कहा कि रूस ने बार-बार इस समस्या का सामना किया है।
उन्होंने कहा आतंकवाद के खिलाफ हमारे भारतीय मित्रों की मदद के लिए हम तैयार हैं। यह एक साझा खतरा है। हमें उन भारतीयों के प्रति सहानुभूति है, जो आतंकवाद से प्रभावित हुए हैं।
हमारा मानना है कि इस तरह के आतंकी हमले काफी खतरनाक हैं, जो शांति व्यवस्था को बिगाड़ते हैं और दुर्भाग्यवश अनेक जानें ले लेते हैं, जैसा मुंबई में हुआ। रूसी राष्ट्रपति ने आतंकवाद के खिलाफ एक वैश्विक प्रणाली स्थापित करने का सुझाव दिया। |