पाकिस्तान उन हालात की जाँच कराए, जिनमें मुंबई में आतंकवादी हमले किए गए और अपनी सरजमीं से गतिविधियाँ संचालित करने वाले राष्ट्र से इतर तत्वों (नॉन स्टेट एक्टर्स) से निबटने की जिम्मेदारी कबूल करे।
भारत से गुरुवार सुबह पाकिस्तान पहुँची अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस ने पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से बातचीत करने के बाद कहा कि पाकिस्तान को मुंबई हमलों के सरगनाओं को कानून के कठघरे तक लाने के लिए भारत के साथ जीवंत और प्रभावी सहयोग प्रदान करना चाहिए।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ वार्ता के बाद कहा हमने उन लोगों से निबटने की पाकिस्तान की जिम्मेदारी के महत्व पर विस्तार से चर्चा की, जो भले ही राष्ट्र से इतर तत्व हों और पाकिस्तानी सरजमीं का उपयोग किया हो।
राइस ने दो टूक लहजे में कहा ढेर सारी सूचनाएँ हैं। सूचनाओं के आदान-प्रदान की अनेक प्रणालियाँ हैं और प्रणालियों का उपयोग किया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है भारत ने मुंबई के आतंकवादी हमलों में पाकिस्तान आधारित आतंकवादियों की संलिप्तता के बारे में बुधवार को राइस को साक्ष्य दिए थे।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा मुंबई हमलों में जिस तरह की आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है, वह इस क्षेत्र में पहले उपयोग नहीं हुई है। इन हमलों की तह में जाना हमले के सरगनाओं को कानून के कटघरे में लाना और इस सूचना को ऐसे हमलों की पुनरावृत्ति रोकना जरूरी है।
जरदारी के साथ अपनी मुलाकात में राइस ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी सरजमीं से किसी देश के खिलाफ इस तरह की गतिविधियों (मुंबई हमलों की तरह) में संलिप्त होने से राष्ट्र से इतर तत्वों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाना चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति जार्जडब्ल्यू बुश के निर्देश पर भारत और पाकिस्तान की यात्रा पर आईं राइस ने बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह और विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी से मुलाकात की थी। इन मुलाकातों में भारतीय नेतृत्व ने उन्हें बताया था कि मुंबई के ये हमले पाकिस्तानी आतंकवादियों ने संचालित किए थे।
गिलानी के साथ मुलाकात में राइस ने कहा कि पाकिस्तान सरकार को भारत को बिना शर्त सहयोग प्रदान करना चाहिए और यह निष्ठापूर्वक एवं तेजी से अंजाम पाता दिखना चाहिए।
उन्होंने जरदारी के साथ अपनी मुलाकात में जाँच में सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान सरकार जाँच में न सिर्फ सहयोग करेगी, बल्कि हमलों में संलिप्त पाए गए किसी पाकिस्तानी तत्व के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी करेगी।
जरदारी ने कहा पाकिस्तान यह सुनिश्चित करने के लिए वचनबद्ध है कि उसकी सरजमीं का उपयोग आतंकवाद के किसी कृत्य के लिए नहीं किया जाए।
गिलानी ने राइस को देश के पूर्ण समर्थन से आतंकवाद से निबटने की पाकिस्तान की दृढ़ वचनबद्धता से अवगत कराया। उन्होंने कहा दो दिसंबर की सर्वदलीय बैठक में इस संदर्भ में सरकार के प्रयासों के प्रति पूर्ण समर्थन अभिव्यक्त किया गया। |