-वेबदुनिया डेस्क अमेरिका के मध्य अलबामा की पेरी काउंटी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा के सम्मान में बराक ओबामा दिवस मनाने के निश्चय किया है। उल्लेखनीय है कि काउंटी के 70 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने चुनावों में बराक ओबामा को मत दिए थे। पेरी काउंटी कमीशन ने तय किया है कि प्रति वर्ष नवंबर के दूसरे सोमवार को बराक ओबामा दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान काउंटी के कार्यालय बंद रहेंगे और इसके कम से कम 40 फीसदी कार्मिकों को सवेतन अवकाश दिया जाएगा। काउंटी में छुट्टी के लिए पहल करने वाले प्रायोजक कमिश्नर अल्बर्ट टर्नर जूनियर का कहना है कि यह दिन इसलिए मनाया जाएगा, ताकि लोगों को बराक ओबामा की इस खूबी से परिचित कराया जाए कि मुश्किल उद्देश्य भी हासिल किए जा सकते हैं। गौरतलब है बारह हजार की काउंटी में अधिकतर अश्वेत निवास करते हैं।
काउंटी के कमीशन के तीन अश्वेत सदस्यों और दो में से एक श्वेत ने प्रस्ताव के समर्थन में मत दिया था। कमिश्नर ब्रेट हैरिसन ने बुधवार को कहा कि उन्होंने इस प्रस्ताव के खिलाफ मत दिया, क्योंकि छुट्टी से काउंटी को काफी नुकसान होता है। उनका कहना है कि उनकी काउंटी प्रदेश में सबसे गरीब है। उनका कहना था कि कोर्ट हाउसेज को बंद रखना राज्य के कुछ कर्मचारियों को बेकार बना देगा।
उनका कहना था कि वे भी एक डेमोक्रेट हैं, लेकिन कठिन वित्तीय समय में काउंटी को अपना एक एक पैसा समझदारी से खर्च करना चाहिए। हालाँकि वे मानते हैं कि ओबामा की सफलता का सम्मान करना प्रेरणादायी हो सकता है, लेकिन वे इस तरह के विचार से सहमत नहीं हैं। उन्होंने प्रस्ताव की प्रति को ओबामा की ट्रांजिशन टीम को भी भेज दिया है। |