वॉटरगेट कांड के लिए मशहूर रिचर्ड निक्सन अमेरिकी राष्ट्रपति के अपने कार्यकाल के दौरान पत्रकारों और बुद्धिजीवियों को अपना दुश्मन मानते थे। वे अपने सहयोगियों को हिकारत की निगाह से देखते थे और अपने आलोचकों को नहीं बख्शते थे।
निक्सन प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी एंड म्यूजियम की ओर से इसी सप्ताह जारी पुरालेखीय दस्तावेज और 198 घंटों के 37वें अमेरिकी राष्ट्रपति के व्हाइट हाउस टेप से निक्सन की यह शख्सियत उभरती है। इसके अनुसार उन्होने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों तथा वियतनाम युद्ध के विरोधियों को कुचलने के लिए जोर-शोर से अभियान चलाया था।
निक्सन ने 1972 के दिसंबर में अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हेनरी किसिंजर से कहा था कि कभी नहीं भूलो कि प्रेस दुश्मन है। व्यवस्था दुश्मन है। प्रोफेसर दुश्मन है।
शीतयुद्ध के इस चरमकाल में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने इतने पर बस नहीं किया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सहयोगी अलेक्जैंडर हैग समेत वरिष्ठ सहयोगियों से मुखातिब होकर दोहराया प्रोफेसर दुश्मन हैं। यह बात ब्लैकबोर्ड पर 100 बार लिखो और कभी नहीं भूलो। |