भूकंप के मामले में सबसे खतरनाक क्षेत्र माने जाने वाले इंडोनेशिया के सुमात्रा में वैज्ञानिकों ने निकट भविष्य में फिर से भीषण भूकंप की आशंका जताई है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक सुमात्रा के आसपास जारी भूगर्भीय हलचलों के कारण उत्पन्न अत्यधिक दाब की वजह से भविष्य में भयानक भूकंप का खतरा आसन्न है। इस खतरे के दायरे में सुमात्रा का मेनतावई द्वीप है।
इस बारे में भूगर्भ वैज्ञानिकों की कल यहाँ जारी रिपोर्ट के अनुसार इस क्षेत्र में पृथ्वी के अंदर टेक्टोनिक प्लेट्स की गति पिछले वर्षों की तुलना में कम होने के कारण भूगर्भीय दाब बढ़ गया है और इसके चलते भूकंप की आशंका बलवती हो गई है।
उल्लेखनीय है कि सुमात्रा में दिसंबर 2004 में आए समुद्री भूकंप के कारण उत्पन्न सुनामी में लगभग दो लाख तीस हजार लोगों की मौत हो गई थी।
इस क्षेत्र में बार-बार आने वाले भूकंपों के कारण इसे भूगर्भ विज्ञानी पेसिफिक रिंग ऑफ फायर भी कहते हैं। पिछले वर्ष सुमात्रा में 7.9 और 8.4 तीव्रता वाले दो भूकंप आए थे।
वैज्ञानिक इन भूकंपों को बड़े खतरे से पहले की चेतावनी बता रहे हैं और भविष्य में इसे बड़ी चुनौती बताते हुए इससे निपटने की हरसंभव तैयारी रखने की भी सलाह दी है। |