पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में पाकिस्तान सेना का सिरदर्द बने तालिबान लड़ाकों ने भारत और पाक में बन रहे तनावपूर्ण माहौल का पूरा फायदा उठाने की तैयारी कर ली है। उसने भारत के खिलाफ पाकिस्तान सेना के साथ मिलकर लड़ने की इच्छा जताते हुए माँग की है कि पाकिस्तान सेना उसके खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बंद कर दे।
तालिबान ने यह धमकी भी दी है कि यदि भारत ने पाकिस्तान में लश्कर-ए-तोइबा के ठिकानों पर हमला किया तो तालिबान भारत में आत्मघाती हमलों को अंजाम देगा।
भारतीय नेताओं के इन बयानों पर तालिबान कमांडरों ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है कि भारत पाकिस्तान में लश्कर के ठिकानों पर हमला कर सकता है। इस कट्टरपंथी संगठन के कुछ कमांडरों ने कहा है कि यदि भारत ने पाकिस्तान पर हमला किया तो उसके लड़ाके पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर भारत का मुकाबला करेंगे।
कमांडरों ने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसी से कहा कि कबीलाई इलाकों में तालिबान के खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियान को मुंबई की घटना के बाद बंद कर तालिबान व पाक सेना को भारत के विरोध में एक साथ आ जाना चाहिए।
बाजौर कबीलाई इलाके में पाक सेना से लड़ रहे तालिबान के डिप्टी कमांडर मौलाना फकीर मुहम्मद ऐसा पहला कमांडर है जिसने भारत के खिलाफ पाक का साथ देने की बात कही है। उसके अनुसार भारत मुंबई हमले के पीछे पाकिस्तान व मुजाहिदीन को जिम्मेदार ठहराकर षड्यंत्र रच रहा है। मुसलमानों के साथ भारत का इस तरह का व्यवहार ही दोनों देशों के बीच तनाव का कारण है।
दक्षिण वजीरिस्तान का तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान आधारित तालिबान संगठन है। इसके कमांडर कैरी हुसैन के अनुसार हम पाकिस्तान की सेना के खिलाफ इसलिए लड़ रहे हैं क्योंकि उसने हमारे कबीलाई इलाके में आक्रमण किया हुआ है परंतु हम भारत को अपने देश में हमला नहीं करने देंगे। इसके लिए हम जान की बाजी लगा देंगे।
आत्मघाती हमलावरों को तैयार करने में प्रसिद्ध हुसैन ने कहा कि अगर भारत हमला करता है तो हमारी पहली प्राथमिकता पाक सेना की सहायता होगी।
तालिबान के अन्य कमांडरों ने भी धमकी दी है कि अगर भारत पाकिस्तान में लश्कर के अड्डों पर हमला करता है तो वे उसका जवाब देंगे और पाकिस्तान की रक्षा करेंगे।
पश्चिम एशिया मीडिया अनुसंधान संस्थान की वेबसाइट पर यह जानकारी दी गई है। संस्थान के निदेशक तुफैल अहमद ने उर्दू अखबार रोजनामा जंग के हवाले से यह भी लिखा है कि पाकिस्तान की सेना ने तालिबान के कमांडरों को पाक देशभक्त बताया है।
वेबसाइट के अनुसार रोजनामा जंग ने यह भी खबर दी है कि भारत की वायुसेना लश्कर-ए-तोइबा के मुख्यालय पर हमला कर सकती है। यह मुख्यालय लाहौर के निकट मुरीदके में है और इसे लश्कर का प्रमुख हाफिज मुहम्मद सईद संचालित करता है। |