सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने पिछले सप्ताह अपहृत यमन के एक मालवाहक जहाज को मुक्त कर दिया है। एक स्थानीय अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय प्रशासन, स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों और समुद्री लुटेरों के बीच सफल बातचीत के बाद इस जहाज को मुक्त किया गया।
सोमालिया के उत्तरी प्रांत पुंटलैड के मंत्री अली आग्दी अवारे ने कहा कि डाकुओं के साथ लंबी बातचीत के बाद यमनी जहाज को मुक्त किया गया। जहाज पर मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित हैं। जहाज को मुक्त कराने के लिए कोई फिरौती नहीं दी गई है।
उन्होंने बताया कि जहाज ऑइल से यमन के लिए रवाना हो गया है। एमपी अमानी नामक यह जहाज यमन की कंपनी अबू तलाल का था और इस पर चालक दल के सात सदस्य सवार थे। इसे 25 नवंबर को उस समय अपहृत किया गया था, जब यह यमन के मुकाल्ला पत्तन से 507 टन इस्पात लेकर सोकोत्रा द्वीप जा रहा था।
इस समुद्री क्षेत्र में विदेशी युद्धक जहाजों की तैनाती के बावजूद अपहरण की घटनाएँ जारी हैं। समुद्री डाकुओं के गिरोहों ने बीसियों जहाजों को अपने कब्जे में ले रखा है तथा इन पर सवार करीब 300 लोगों को बंधक बना रखा है। |