मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय > भारत को आतंकी नहीं देगा पाक-जरदारी
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
भारत को आतंकी नहीं देगा पाक-जरदारी
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने मुंबई हमलों में अपने देश की भूमिका होने से इनकार करते हुए कहा कि आतंकवादियों का किसी देश से कोई सरोकार नहीं होता। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक राजधानी पर हमले उन लोगों ने किए जो पूरी दुनिया को बंधक बनाना चाहते थे।

राष्ट्रपति ने भारत की वह माँग भी खारिज कर दी, जिसमें इस्लामाबाद से 20 आतंकवादियों को नई दिल्ली के सुपुर्द करने के लिए कहा गया था। समझा जाता है कि यह आतंकवादी पाकिस्तान में हैं।

जरदारी ने कहा कि अगर हमारे पास सबूत होते तो हम उन्हें अपनी अदालतों तक ले जाने की कोशिश करते। हम उन पर हमारे देश में मुकदमा चलाते और उन्हें सजा देते।

पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें भारत के इस दावे पर भी संदेह है कि मुंबई हमलों के दौरान भारतीय सुरक्षा बलों ने जिस बंदूकधारी को पकड़ा, वह पाकिस्तानी है। जरदारी ने पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध की किसी संभावना को खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा आतंकवादियों का किसी देश से कोई सरोकार नहीं है। यह लोग पूरे क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं और पूरी दुनिया को अपने कब्जे में करना चाहते हैं। मुंबई हमलों के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार नहीं है। व्हाइट हाउस और अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए भी ऐसा कह चुकी हैं।

जरदारी ने मंगलवार रात लैरी किंग लाइव कार्यक्रम में कहा कि हमें ऐसा कोई सबूत नहीं दिया गया है, जिससे साबित हो कि वह पाकिस्तानी ही है। मुझे संदेह है कि वह पाकिस्तानी हैं।

विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा था कि किसी सैन्य कार्रवाई पर विचार नहीं किया जा रहा है। इस पर जरदारी ने कहा कि यह समय मिल- जुलकर जाँच करने और समस्या का हल निकालने का है।

उन्होंने कहा कि खतरा केवल मुंबई या भारत तक सीमित नहीं है। खतरा पाकिस्तान को भी है, अफगानिस्तान को भी है पूरे क्षेत्र को है। इसका असर घातक ही होगा। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान में तानाशाही थी तब भारत और पाकिस्तान के बीच तीन युद्ध हुए।

जरदारी ने कहा कि मैं पीड़ित हूँ। पाकिस्तान पीड़ित है। हम इस युद्ध के पीड़ित हैं। मैं भारतीयों के लिए माफी माँगता हूँ। मैंने यह दर्द देखा है। जब भी मैं अपने बच्चों को देखता हूँ मुझे इस दर्द का अहसास होता है। मैं उनकी आँखों में इसे देख सकता हूँ। मेरी पत्नी की वजह से यह दर्द मेरे साथ जुड़ा है और पाकिस्तान के साथ भी।

हमलों में लश्कर ए तोएबा का हाथ होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह दुनिया भर में एक प्रतिबंधित संगठन है और अगर उनका हाथ है भी तो हमें इसकी जानकारी नहीं है।

जरदारी ने कहा कि आंतकवादी व्यवस्था के दायरे से बाहर सक्रिय होते हैं लेकिन पाकिस्तान ने हमलों की जाँच में भारत को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

अलकायदा का हाथ होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि फिलहाल हम किसी भी आशंका से इंकार नहीं कर सकते, लेकिन अभी से किसी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सरकार आतंकवाद से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और वह खुद हर दिन यही कर रही है।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
प्रतिबंध के बाद भी मंदिर ढहाया
संरा अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार-बान
पत्नी को मारकर भारतीय डॉक्टर ने खुदकुशी की
अब मलेशियाई गुपचुप सुखाएँगे कपड़े
मुंबई हमलों में पाक संगठन का हाथ!
इराक में बम धमाके, 14 मृत