अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि भारत की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई में पिछले हफ्ते हुए आतंकवादी हमलों में पाकिस्तान के किसी समूह का हाथ हो सकता है।
ब्रुसेल्स में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) देशों के विदेशमंत्रियों की एक बैठक के बीच अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान में आशिंक या पूर्ण रूप से स्थित किसी समूह के इन हमलों में हाथ होने की संभावना के पीछे कई कारण है।
अधिकारी ने पहचान छुपाने की शर्त पर बताया कि इन हमलों में शामिल लोग पाकिस्तान के हो सकते हैं।
जाँचकर्ताओं का कहना है कि इन हमलों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने प्रशिक्षित किया है। लश्कर पर वर्ष 2001 में भारतीय संसद पर हुए हमले का भी आरोप है। |