मुंबई पर आतंकवादी हमलों की जाँच में पूरा सहयोग करने की अमेरिका से हिदायत मिलने के बाद पाकिस्तान ने आज साझा जाँच तंत्र गठित करने का प्रस्ताव भारत के समक्ष रखा।
विदेशमंत्री शाह मेहमूद कुरैशी ने सरकारी टेलीविजन पीटीवी से बातचीत में इस प्रस्ताव का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि समग्र वार्ता प्रक्रिया के जरिये आपसी भरोसे में इजाफा करने के क्षेत्र में हुए फायदों को नुकसान पहुँचाने की आतंकवादियों को इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।
मुंबई के आतंकवादी हमलों से जुड़े पाकिस्तान स्थित तत्वों के खिलाफ भारत द्वारा कार्रवाई चाहने पर प्रतिक्रिया देते हुए कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान सहयोग करने के लिए और हमलों को अंजाम देने वालों का पता लगाने के लिए हर तरह की मदद करने को तैयार हैं।
उन्होंने साझा जाँच तंत्र और संयुक्त आयोग के गठन का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जाँच में भारत की मदद के लिए एक दल बनाने को तैयार है। |