चीन ने फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को आगाह किया कि वे तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा के साथ प्रस्तावित अपनी मुलाकात रद्द करें अन्यथा चीन-यूरोपीय संघ संबंधों में सुधार प्रभावित होंगे।
क्रमिक रूप से यूरोपीय संघ की अध्यक्षता संभाल रहे फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा है कि वे 6 दिसंबर को पोलेंड में दलाई लामा से मुलाकात करेंगे। चीन ने इस मुद्दे पर अपने सख्त रूख का परिचय देते हुए प्रस्तावित सरकोजी के साथ अपने नेताओं की बैठक स्थगित कर दी थी।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिउ जियानचाओ ने कहा कि फ्रांस को चीन के सैद्धांतिक दृष्टिकोण एवं चिंताओं से वाकिफ करा दिया गया है। अब फ्रांस को इस विषय में महत्वपूर्ण निर्णय लेना है तथा चीन को उम्मीद है कि फ्रांस ऐसा फैसला करेगा, जिससे यूरोप और फ्रांस के साथ चीन के रिश्तों में प्रगति का स्वस्थ वातावरण निर्मित होगा।
उन्होंने चेतावनी भरे सुरों में यह भी कहा कि यदि सरकोजी अपने पूर्व नियोजित कार्यक्रम पर चले तो चीन फ्रांस रिश्तों को आघात पहुँचेगा। |