पॉप गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स ने दोबारा विवाह करने का इरादा जताया है। वह चाहती है कि उसके और बच्चे भी हों। एक वृत्तचित्र में ब्रिटनी ने कहा है कि मैं विवाह तथा बच्चे चाहती हूँ। मैं चाहती हूँ कि एक अलग-थलग द्वीप में रहूँ।
रोते हुए ब्रिटनी ने स्वीकार किया कि जीवन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है, लेकिन वे अब भी दुखी और अकेलापन महसूस करती हैं।
डेली मेल में प्रकाशित एक खबर के अनुसार इस साल के शुरू में अपने दो बेटों सीन प्रेस्टन और जायदेन जेम्स के संरक्षण का अधिकार खो चुकीं ब्रिटनी ने कहा कि वे अपने सपनों के राजकुमार और बच्चों के साथ दूर स्थित किसी द्वीप में रहना चाहती है।
ब्रिटनी ने कहा कि वह मेरे लिए स्वर्ग होगा, जहाँ मैं अपने पति और बच्चों के साथ रहूँगी और कोई भी हम तक पहुँच नहीं सकेगा।
पॉप गायिका ने कहा कि यह मेरी सोच है। जब मैं किसी से प्यार करती हूँ, तो सचमुच उससे प्यार करती हूँ। मैं हर समय उसके आसपास रहना चाहती हूँ। अगर वह भी मुझे यही अहसास कराए तो यह दुनिया की सर्वाधिक सुखद अनुभूति होगी।
एमटीवी के बहुप्रतीक्षित वृत्तचित्र में ब्रिटनी ने खुल कर अपने बारे में कहा है। एक दृश्य में ब्रिटनी को अपने मित्रों से यह कहते हुए दिखाया गया है, मैं अपने सपनों के राजकुमार को लिखने जा रही हूँ कि वह मेरे पास आ जाए।
उसने आगे कहा कि मैं अगले साल विवाह करूँगी और मुझे बच्चे भी चाहिए। देखते रहिए। आत्मकथा के बारे में हँसते हुए ब्रिटनी ने कहा कि एक दिन मेरे पास बहुत अच्छी किताब होगी, एक अच्छी रहस्यमय किताब।
वृत्तचित्र में बातें करते हुए ब्रिटनी कई बार रोई। उसने कहा कि मैं लोगों से कहती हूँ कि मैं जो महसूस करती हूँ, वह सुनें। लेकिन वे नहीं सुनते। लोग केवल वही सुनते हैं, जो वह सुनना चाहते हैं। उसने कहा कि मैं शांत रहने की आदी हूँ, लेकिन मुझे लगता है कि पेपराजियों ने मेरी शांति मुझसे छीन ली है। |