पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सोमवार को विपक्षी दल पीएमएल (एन) के सांसद के आवास पर हुए संदिग्ध आत्मघाती हमले में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
बम हमलावर ने पीएमएल (एन) के नेता रशीद अकबर नवानी के आवास के बाहर आत्मघाती विस्फोट कर दिया। नवानी भक्कर जिले के नेता और नेशनल असेंबली के सदस्य हैं। टीवी चैनलों ने खबर दी कि नवानी हमले में बच गए, लेकिन उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
हमले से क्षेत्र में भय फैल गया और पुलिस ने तुरंत जिले में सुरक्षा बढ़ा दी। नवानी शिया हैं और बताया जा रहा है कि यह हमला प्रतिद्वंदी समुदाय ने कराया है। प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने हमले की निंदा की है। किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा ईद की मुबारकबाद देने के लिए नवानी के घर पर 200 से भी ज्यादा लोग इकट्ठे हुए थे। हालाँकि उनके आवास पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए थे, लेकिन हमलावर अंदर प्रवेश कर गया और उसने विस्फोटकों से खुद को उड़ा लिया। खबरों के मुताबिक विस्फोट के वक्त सांसद लोगों को ईद की मुबारकबाद दे रहे थे। |