सोवियत स्वतंत्र राष्ट्र मंडल के देश किर्गिस्तान के दक्षिण में शनिवार रात आए भूकंप में 60 लोगों की मौत हो गई तथा 50 अन्य घायल हो गए, जबकि 100 से ज्यादा मकान नष्ट हो गए। यह जानकारी किर्गिस्तान के आपदा मंत्रालय ने दी।
अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण विभाग के अनुसार स्थानीय समय रात नौ बजकर 52 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 आँकी गई। भूकंप का केन्द्र ताजिकिस्तान और उजबेकिस्तान की सीमा पर सेरी ताश से 55 किमी पूर्व में स्थित था।
आपदा मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुसमात पायाजकोव ने ओश से बचावकर्मियों के हवाले से बताया कि 60 से भी ज्यादा लोग मारे गए हैं, जबकि 50 अन्य घायल हो गए। साथ ही 128 मकान नष्ट हो गए।
प्रवक्ता ने बताया कि घायलों में कई गंभीर है। राष्ट्रपति कुर्माबेक बाकीयेव मंगलवार को घटनास्थल का दौरा करेंगे। किर्गिस्तान में रूसी दूतावास ने बताया कि रूस किर्गिस्तान को मानवीय सहायता मुहैया कराएगा। |