अमेरिकी अधिकारियों ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई के भाई अहमद वली करजई पर दवाओं के अवैध कारोबार में लिप्त होने की आशंका जताई है।
अमेरिकी अखबारों में वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी गई है। नाम उजागर न करने की शर्त पर इन अधिकारियों ने बताया कि अफगानिस्तान में अमेरिकी राजदूत, खुफिया एजेंसी सीआईए के अफगानिस्तान में स्थित कार्यालय के प्रमुख और उनके ब्रिटिश समकक्ष अधिकारी वर्ष 2006 में भी करजई के साथ उनके भाई पर लगाए गए इन आरोपों के बारे में बात कर चुके हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उस समय करजई ने ठोस सबूतों के अभाव में अपने भाई के खिलाफ कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था। अधिकारियों ने बताया कि अहमद करजई के खिलाफ प्रत्यक्ष सबूत भले ही न हों लेकिन परोक्ष रूप से उनके खिलाफ सबूत इकट्ठा हो रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2004 में कंधार के बाहर एक ट्रैक्टर में भारी मात्रा में हेरोइन की बरामदगी के बाद अफगान कमांडर हबीबुल्ला जान को अहमद करजई ने टेलीफोन कर उससे पकडे़ गए वाहन को छोड़ने को कहा था। बाद में खुफिया अधिकारियों को इस फोन कॉल का रिकॉर्ड भी मिल गया।
रिपोर्ट के अनुसार इसके दो साल बाद 2006 में भी पकड़ी गई 50 किग्रा हेरोइन के मामले में भी अहमद करजई का संबंध होने के सबूत मिले। हालाँकि बाद में करजई बंधुओं ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इन्हें खारिज कर दिया था। |