भारतीय वायुसेना के साथ समानता करने के लिए पाकिस्तान चीन और अमेरिका से 100 से अधिक जेट विमान खरीदेगा।
पाकिस्तान के एयर चीफ मार्शल तनवीर महमूद अहमद ने कहा कि पाकिस्तान की वायुसेना 42 जेएफ-17 लड़ाकू जेट विमानों के सिलसिलेवार उत्पादन के लिए चीन के साथ समझौते पर दस्तखत के बहुत करीब है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चीन से दो स्क्वाड्रन या 36 एफसी-20 बहुभूमिका वाले लड़ाकू विमान और अमेरिका से 18 नए एफ-16 विमान खरीदेगा।
अहमद ने कहा कि पाकिस्तान की वायुसेना ने पहले ही आठ जेएफ-17 जेट विमान प्राप्त किए हैं, जो परीक्षण और आकलन के लिए इस्तेमाल में लाए जा रहे हैं। जेएफ-17 विमानों की पहली खेप इस साल के अंत में या अगले साल जल्दी ही मिल सकती है।
अहमद ने डान न्यूज चैनल के साथ साक्षात्कार में कहा कि पीएएफ ने उक्रेन की एक कंपनी के साथ आकाश में ईंधन भरने वाले चार विमानों के समझौते पर दस्तखत किए थे और इनमें से पहला एक महीने में आने की संभावना है।
जब अहमद से पूछा गया कि चीन के साथ जेएफ-17 विमानों का संयुक्त उत्पादन पीएएफ को भारतीय वायुसेना की अधिक संख्या की बराबरी करने में मदद करेगा, तो अहमद का जवाब था कि इस समय भारत न केवल संख्या के मामले में फायदे में है, बल्कि गुणवत्ता में भी वे आगे है।
|