प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने पाकिस्तान के नव निर्वाचित राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को भरोसा दिलाया है कि वे अपने नए कार्यालय में भारत के रूप में एक दोस्त पाएँगे।
राष्ट्रपति चुने जाने पर उन्हें रविवार को भेजे बधाई संदेश में सिंह ने कहा भारत सरकार और भारतीय जनता दोनों देश के बीच ऐसे करीबी दोस्ताना और सहयोगात्मक रिश्ते बनाना चाहते हैं, जो दोनों अवाम की आकांक्षाओं के अनुरूप हो।
उन्होंने कहा पाकिस्तान में लोकतंत्र के उदय ने हमें शांति खुशहाली और विकास के लाभ हासिल करने के लिए मिल कर काम करने का अवसर दिया है। हमें अवसर मिला है कि दोनों पड़ोसी देशों में सामान्य रिश्ते बनें और हमारे क्षेत्र में विकास और नजदीकी सहयोग का वातावरण बने।
प्रधानमंत्री ने कहा इस अवसर का लाभ उठाने और हमारे रिश्तों की तस्वीर बदल देने के लिए आपके साथ काम करने की हममें राजनीतिक इच्छा शक्ति है। अपने नए कार्यालय में आप भारत के रूप में एक दोस्त पाएँगे।
|