मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय > मैडोना की कोशिश बेकार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
मैडोना की कोशिश बेकार
-वेबदुनिया डेस्क
मैडोना ने हाल ही में एक और अफ्रीकी बच्ची को गोद लेने की कोशिश की लेकिन उनकी कोशिश बेकार हो गई और गोद देने को लेकर लड़की के परिवार में जबर्दस्त फूट पड़ गई। इस वर्ष की शुरुआत में 50 वर्षीय गायिका ने अपने सहयोगियों को मलावी भेजा था ताकि वे तीन वर्षीय मर्सी जेम्स की दादी से मिलकर उन्हें बच्ची को गोद देने के लिए राजी कर सकें।

परंतु बच्ची की 64 वर्षीय दादी लूसी चेकीचीवा ने मैडोना के सहयोगियों की पेशकश को ठुकरा दिया। घर के अन्य सदस्य भी मैडोना के इस प्रस्ताव से नाराज हो गए। पर अब मर्सी के 68 वर्षीय दादा सैक्सन मौंडे ने मैडोना से सम्पर्क किया है और कहा है कि वह खुद इस गोद लेने की प्रक्रिया को पूरा करने में दिलचस्पी रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि सैक्सन का लूसी से विवाह नहीं हुआ है, ल‍ेकिन वे इस बात से नाराज हैं कि जब मर्सी के गोद लेने का मामला सामने आया तो उनसे सलाह तक नहीं ली गई। उनका कहना है कि मैडोना अब उनसे सम्पर्क कर सकती हैं। उनका दावा है कि अगर वे इस बार उनके जरिए संपर्क करती हैं तो उन्हें कोई समस्या नहीं होगी और वे बच्ची को आसानी से गोद ले सकेंगी।

सैक्सन का कहना है कि परिवार के लोग नहीं जानते हैं कि बच्ची को गोद देने से क्या लाभ हो सकता है। अगर उन्हें समझा दिया जाए तो मर्सी को बिना किसी समस्या के गोद लिया जा सकता है। गौरतलब है कि मर्सी की माँ म्वानडीडा केवल 18 वर्ष की थीं और बच्ची को जन्म देने के कुछेक दिनों बाद ही उनकी मौत हो गई थी।

इस बच्ची से मैडोना वर्ष 2006 में ब्लैंटिर के कोंडानानी ऑर्फन केयर सेंटर में मिली थी और उन्होंने उसका नाम स्माइलिंग एंजेल रख दिया था। पर लार्ड्‍स, रोको और दो वर्षीय डेविड बांडा की माँ को कह दिया गया था कि लालफीताशाही के कारण वे मर्सी को गोद लेने का विचार छोड़ दें। उस समय मैडोना के सहयोगियों ने मर्सी की सगी दादी और चाचाओं से सम्पर्क किया था, जो उसको गोद देने के खिलाफ थे।

समझा जाता है कि तब मैडोना ने अपने सहयोगियों को कहा कि वे मलावी के अनाथालय से किसी और बच्चे को गोद लेने के बारे में बात करें। पर मौंडे का कहना है कि अगर मैडोना उनसे संपर्क करें तो वे अभी भी मर्सी को उन्हें गोद दिलवा सकते हैं।
और भी
गुरुवार को जहर नहीं उगलेंगे ओबामा-मैक्केन
हर बीस में से एक अमेरिकी तनावग्रस्त
किडनी का दाम छह लाख रुपए
शक्ति प्रदर्शन करेगी ईरानी सेना
हर कदम पर होगी जरदारी की परीक्षा
चीन तीसरा मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियान भेजेगा