एक-दूसरे के खिलाफ कड़वाहट भरे चुनाव प्रचार अभियान के बावजूद व्हाइट हाउस के सर्वोच्च पद के चुनाव के उम्मीदवार बराक ओबामा और जान मैक्केन गुरुवार को को यहाँ ग्राउंड जीरो पर 9/11 यानी वर्ष 2001 के 11 सितंबर के आतंकवादी हमले में मारे गए मृतकों को एक साथ श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
ग्राउंड जीरो पर ही सात वर्ष पहले वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की दो इमारतें हमले की वजह से ढह गई थीं। ड्रेमोक्रेट ओबामा और रिपब्लिकन मैक्केन ने गुरुवार को आने वाली सातवीं बरसी पर एक दिन के लिए नकारात्मक विज्ञापन नहीं देने और एक-दूसरे प्रति विनम्र रुख अपनाने का फैसला किया है।
संयुक्त वक्तव्य में कहा गया कि सभी लोग डेमोक्रेटिक या रिपब्लिकन की तरह नहीं, बल्कि अमेरिकियों के तौर पर वहाँ आएँ। चाहे वे धुएँ से भरे गलियारे हों, कैपिटल पर्वत हो या सतर्कता की बात हो एक अमेरिकी परिवार की तौर पर हम एकजुट हैं।
गुरुवार को हम राजनीति को एक तरफ रखकर हमारी एकता को पुनर्जाग्रत करेंगे, ताकि मारे गए हर अमेरिकी की याद को सम्मान दिया जा सके और उन परिवारों के प्रति शोक संवदेना प्रकट की जा सके जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।
राष्ट्रपति पद के चुनाव के दोनों प्रत्याशियों ने शनिवार देर शाम कहा वे कोलंबिया विश्वविद्यालय के सर्विस नेशन फोरम पर एक साथ नजर आएँगे। 'टाइम पत्रिका' के संपादक रिचर्ड स्टेंजल और पीबीएस न्यूज आवर के जूडी वूडरूफ की ओर से हो रहे इस कार्यक्रम में बहस नहीं होगी, बल्कि अलग-अलग भाषण किए जाएँगे।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम में राष्ट्रपति पद के चुनाव से जुड़ी परिचर्चा नहीं होगी, लेकिन दोनों नेताओं के बीच वार्तालाप होगा।
दोनों नेता कोलंबिया से जुड़े हैं। ओबामा ने वर्ष 1983 में यहाँ से स्नातक किया है। जब से वे राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनें हैं, अपने कॉलेज में पहली बार नजर आएँगे। मैक्केन की पुत्री मेघन भी कोलंबिया से वर्ष 2007 में स्नातक कर चुकी हैं।
मैक्केन यहाँ वर्ष 2007 में आए थे, जब उन्होंने यहाँ के स्नातक समारोह में संबोधित किया था। संबोधन के दौरान इराक युद्ध का समर्थन करने पर उन्हें बीच-बीच में टोका भी गया था।
|