-वेबदुनिया डेस्क इसे कहते हैं कि सिर मुँड़ाते ही ओले पड़ना। सेंट पॉल, मिनेसोटा में रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन में पाँच बच्चों की माँ और अलास्का की गवर्नर सारा पालिन ने अपना भाषण समाप्त किया और मंच पर अपने परिवार का परिचय कराया।
उपराष्ट्रपति पद के लिए नामित होने के बाद उनका यह पहला सार्वजनिक भाषण था और इसमें उनके पति टॉड पालिन मंच पर पास ही खड़े थे। श्रीमती पालिन ने अपने पति का आलिंगन करते हुए कहा कि शादी के दो दशक बाद टॉड की ओर देखते हुए कहा था- ही इज स्टिल माई गाय।
पर उनके भाषण को कुछ घंटे ही बीते होंगे कि मीडिया में एक खुलासा हुआ। नेशनल इन्क्वायरर सुपरमार्केट टेबलॉयड में छपा कि श्रीमती पालिन का अपने पति के कारोबारी साझीदार से अफेयर रहा है। इसमें कहा गया कि सारा ने अपने 44 वर्षीय मछली का कारोबार करने वाले पति को धोखा दिया है। इतना ही नहीं, इस बारे में कहा गया कि इस संबंध के कारण सारा का राजनीतिक करियर खत्म होते-होते बचा था और बमुश्किल टॉड ने इस पर पर्दा डाला और मामले को रफा-दफा कर दिया।
इस रहस्योद्घाटन के साथ यहाँ तक दावा किया गया था कि अलास्का में इस संबंध की चर्चा आम है, लेकिन सारा ने अपने इस मित्र से सारे संबंध तोड़ लिए जब इससे पहले उसने कथित तौर पर उन्हें अपनी रखैल बना लिया था।
पत्रिका में यह आरोप भी लगाया गया है कि पालिन ने इस तथ्य को भी दबाना चाहा कि उनकी सत्रह वर्षीय बेटी ब्रिस्टल पाँच माह से गर्भवती है। पर उन्हें इस तथ्य को तब सार्वजनिक रूप से स्वीकार करना पड़ा कि जब मीडिया में यह खबर छपने ही वाली थी।
उल्लेखनीय है कि सम्मेलन के मंच पर उनकी बेटी भी मौजूद थी और उनकी बेटी का प्रेमी भी। यह स्पष्ट दिख रहा था कि उनकी बेटी गर्भवती है। पर सारा पालिन के अपने पति के कारोबारी मित्र से संबंध रखने के आरोप का मैक्केन खेमे ने जोरदार ढंग से खंडन किया है। पार्टी ने इसे एक द्वेषपूर्ण झूठ करार दिया है और पार्टी के मुख्य रणनीतिकार स्टीव श्मिट ने कहा है कि पालिन परिवार को बदनाम करने का यह अभियान समाप्त होना चाहिए।
कुछ समय पहले तक इन्क्वायरर को एक ऐसे अखबार के रूप में जाना जाता था जोकि सनसनीखेज और अतिरंजित समाचार देने को प्रमुखता देते हैं। पर हाल ही जब से अखबार ने पूर्व में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से घोषित राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी जॉन एडवर्ड्स के खिलाफ सच्चा समाचार प्रकाशित किया तो लोगों का इसकी खबरों पर विश्वास होने लगा है। पत्र ने छापा था कि एडवर्ड्स के एक अन्य महिला के साथ संबंध हैं और वे अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी को धोखा दे रहे हैं।
पर इस मामले में भी पत्र का कहना है कि उसने जो भी छापा है, वह सही है। पत्र ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से यह भी कहा है कि ब्रिस्टल के गर्भवती होने के बाद परिवार में भूचाल आ गया था और सारा अपनी बेटी की जल्द शादी करना चाहती थीं, लेकिन ब्रिस्टल ने जल्द शादी करने से इनकार कर दिया। सारा पालिन का सिरदर्द वाशिंगटन पोस्ट में छपी एक खबर से भी बढ़ गया है।
अखबार ने इसे ट्रुपरगेट स्केंडल की संज्ञा दी है और कहा है कि इस मामले में भी सारा ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। समाचार में कहा गया है कि सारा ने अपनी बहन के पूर्व पति को इसलिए पुलिस की नौकरी से निकलवा दिया था क्योंकि उसने उनके पिता और अपने ससुर को धमकी दी थी। अखबार ने सारा पालिन का एक ई-मेल भी छापा है जिसमें राज्य के पुलिस अधिकारी (ट्रुपर) को हटाने से संबंधित सरकारी जाँच की आलोचना की है।
उन पर यह भी आरोप है कि सारा ने अपने पब्लिक सेफ्टी कमिश्नर वाल्ट मोन्जेन को इसलिए पद से हटा दिया था क्योंकि उन्होंने ट्रुपर माइक वुटेन को पद से हटाने में असमर्थता जाहिर की थी। अब देखना यह है कि सारा पालिन इन आरोपों का क्या जवाब देती हैं और चुनाव का निर्णय होने तक उन्हें और कितना मीडिया ट्रायल झेलना पड़ेगा।
|