जापान के निवर्तमान प्रधानमंत्री यासूओ फुकुदा अपने खराब शासन की वजह से भले ही जनता में अलोकप्रिय हो गए हों, मगर प्रधानमंत्री के रूप में अपनी आखिरी प्रेस कांफ्रेंस में गुस्से में की गई उनकी टिप्पणी वाली टी-शर्टें बाजार में लोकप्रियता के रिकॉर्ड तोड़ रही हैं।
हाल में एक प्रेस कांफ्रेंस में अचानक अपने इस्तीफे की घोषणा करने वाले फुकुदा की एक पत्रकार ने अपने कर्तव्य को ठीक ढंग से नहीं निभाने के लिए आलोचना की थी।
इस पर स्वभाव के विपरीत गुस्से से तमतमाए फुकुदा ने कहा था कि आई एम नॉट लाइक यू (मैं तुम्हारी तरह नहीं हूँ)। अब फुकुदा का यह वाक्य टी-शर्टों पर छपकर बाजार में हाथोंहाथ लिया जा रहा है। इसके अलावा चाय के कप और बच्चों के कपड़ों पर भी फुकुदा का यही जुमला छपकर बिक रहा है।
ऑनलाइन शॉप क्लब के अध्यक्ष तोमोहिरो मियाके ने कहा कि फुकुदा के लोकप्रिय वाक्य छपी टी-शर्ट के ऑर्डर को पूरा करना हमारे लिए मुश्किल साबित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यह टीशर्टें उनकी कम्पनी की अब तक का सबसे ज्यादा बिकने वाला उत्पाद बनकर उभरी हैं।
एक मोबाइल फोन वेबसाइट ने लोगों से आई एम नॉट लाइक यू को मुहावरा बनाकर उसका अर्थ सुझाने की योजना भी शुरू की है।
प्रेस कांफ्रेंस में फुकुदा का क्रोधी रूप देखकर मतदाता अचम्भे में पड़ गए थे, क्योंकि उससे पहले उन्होंने फुकुदा को आमतौर पर एक शालीन और ठंडे दिमाग के नेता के रूप में ही देखा था।
एक सरकारी कर्मचारी हिरोशी फुकादा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के रूप में फुकुदा की अंतिम प्रेस कांफ्रेंस थी, इसलिए वे अपनी भावनाओं को रोक नहीं सके।
|