अमेरिका ने अपनी सरजमीन पर पूर्व पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के स्वागत का संकेत देते हुए कहा है कि पूर्व सैन्य हुक्मरान के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
पाकिस्तान के अंग्रेजी दैनिक 'द डॉन' समाचार पत्र ने अपनी रिपोर्ट में अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा है कि हम हमेशा से कहते रहे हैं कि वह हमारे मित्र हैं और उनके साथ सम्मान से पेश आना चाहिए।
यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिकी प्रशासन मुशर्रफ को अमेरिका में रहने की अनुमति देगा अमेरिकी अधिकारी का जवाब था वह एक स्वतंत्र आदमी हैं। वह जहाँ चाहें जा सकते हैं।
अमेरिकी अधिकारी से जब यह पूछा गया कि क्या अमेरिका मुशर्रफ को वीजा जारी करेगा तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ऐसा कोई कारण है कि वह वीजा के लिए काबिल नहीं हैं। मुझे नहीं मालूम वह कहाँ रहना चाहते हैं।
पाकिस्तानी अखबार ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय के इस अधिकारी का नाम नहीं दिया है।
|