मिस्र के संसद के ऊपरी सदन में मंगलवार को भीषण आग लग गई। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए।
मध्य कायरो शहर में स्थित संसद भवन से आग की लपटें और धुँआ उठते देखा गया। सरकारी टेलीविजन चैनल के अनुसार यह आग संभवतः शार्ट सर्किट से लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई हेलीकॉप्टरों को नील नदी से कंटेनरों से पानी भरकर आग पर लाकर डालते देखा गया। इसके अलावा आग पर काबू पाने के लिए करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियाँ लगाई गई थीं।
सुरक्षा विभाग के एक सूत्र ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए सेना को बुलाया गया है। सुरक्षा बलों ने संसद भवन के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है।
|