राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेट उम्मीदवार बराक ओबामा ने उपराष्ट्रपति के लिए नाम का चयन कर लिया है, जिसकी घोषणा वे बुधवार तक कर सकते हैं।
'न्यूयॉर्क टाइम्स' के मुताबिक ओबामा ने अपने चयन को अभी अधिसूचित नहीं किया है, लेकिन वे वर्जिनिया के गर्वनर टिम कैनी, इंडियाना के सीनेटर इवान बाय तथा विदेश नीति के विशेषज्ञ सीनेटर जोसेफ बिडेन के नाम पर ध्यान केन्द्रित किए हुए हैं।
ओबामा सबसे पहले अपने बुनियादी स्तर के समर्थकों को ई-मेल से अथवा संदेश भेजकर उस नाम से अवगत कराएँगे। अखबार ने सहायकों के हवाले से बताया बुधवार या शुक्रवार तक नाम की घोषणा हो सकती है।
'टाइम्स' में उल्लिखित तीन संभावित नामों में से कैनी वर्जिनिया में ओबामा को जीत दिलाने में मददगार हो सकते हैं, लेकिन उनके पास विदेश नीति का अनुभव नहीं है।
सीनेट की विदेशी मामलों की समिति के अध्यक्ष बिडेन राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दे पर ओबामा की अनुभवहीनता की भरपाई कर सकते हैं। वे अभी जार्जिया से लौटे हैं। उन्होंने रूस की कार्रवाई की निंदा की है।
अपने गृह राज्य इंडियाना में लोकप्रिय इवान बाय के पास भी विदेश नीति का थोड़ा अनुभव है और वे डेमोक्रेट मतदाताओं को एकजुट रख सकते हैं, क्योंकि वे कभी ओबामा की प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन के कट्टर समर्थक थे।
|