अमेरिका के राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश सहित प्रमुख अमेरिकी नेताओं ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति पद से त्याग-पत्र देने वाले परवेज मुशर्रफ की तारीफ करते हुए उन्हें आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में समर्पित सहयोगी होने के कारण उनकी भूमिका को यादगार बताया है। साथ ही अमेरिका ने पाकिस्तान सरकार के साथ भी अच्छे रिश्ते कायम रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता गार्डन जानड्रो ने सोमवार को बताया कि बुश ने मुशर्रफ की तारीफ करते हुए आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में उनकी भूमिका को सराहनीय बताया है। इसके अलावा बुश ने पाकिस्तान सरकार के साथ आर्थिक, राजनीतिक और सुरक्षा मामलों की चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने का भी विश्वास दिलाया हैं।
इसके अलावा विदेशमंत्री कोंडालिजा राइस ने भी मुशर्रफ की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि अल कायदा और तालिबान जैसी आतंकवादी ताकतों से लड़ने में उनकी भूमिका सराहनीय रही और इसके लिए अमेरिका सदा उनका अभारी रहेगा।
सुश्री राइस ने कहा कि 2001 में नि:संदेह इस संघर्ष में शामिल होने का फैसला मुशर्रफ के लिए काफी चुनौती भरा था, लेकिन उन्होंने न सिर्फ पाकिस्तान बल्कि विश्व बिरादरी की भलाई के लिए उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया। उल्लेखनीय है कि मुशर्रफ ने महाभियोग से बचने के लिए कल अपने पद से त्याग-पत्र दे दिया था।
|