कैलीफोर्निया अमेरिका का वह पहला राज्य बन गया है, जहाँ रेस्तराँ और बेकरी में मोटापे से जुड़े ट्रांस वसा (एक प्रकार का असंतृप्त वसा) के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
गर्वनर अर्नाल्ड श्वार्जनेगर द्वारा जारी एक नए विधेयक के तहत रेस्तराँ को 2010 तक ट्रांस वसा के पूरी तरह उन्मूलन और 2011 तक खुदरा बेकरी उत्पादों में इसके इस्तेमाल को रोकना होगा। डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों को इसमें छूट दी जाएगी।
इससे पहले न्यूयॉर्क शहर ने एक जुलाई से इसके इस्तेमाल पर बंदिश लगाई थी। अन्य शहरों फिलाडेल्फिया आदि में भी समान कानून बनाया गया है, लेकिन कैलीफोर्निया इस मामले में प्रथम होगा, जहाँ पूरे राज्य में 80 हजार से अधिक रेस्तराँ और बेकरियों में ट्रांस वसा पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इस कानून का पहली बार उल्लंघन करने वालों को 25 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना देना होगा। लगातार उल्लंघन के बाद यह जुर्माना एक हजार अमेरिकी डॉलर तक जा सकता है।
सिंथेटिक वसा पर यह प्रतिबंध स्वास्थ्य के पेशे से जुड़े लोगों और उपभोक्ता वकीलों द्वारा चलाए गए अभियानों के मद्देनजर आया है, जिन्होंने इन उत्पादों को हृदय और अन्य रोगों के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
रेस्तराँ स्वामी और संगठन इस नए कानून का विरोध कर रहे हैं। उनका तर्क है कि एक उत्पाद पर रोक लगाने से मकसद हल नहीं होगा। रेस्तरा और बेकरी में ट्रांस वसा का इस्तेमाल इसलिए किया जाता है, क्योंकि यह सस्ते होते हैं।
|