एक 16 वर्षीय फ्रांसिसी लड़की को बैंक लूट की संदिग्ध के रूप में गिरफ्तार किया गया है। बैंक लूट की अन्य घटनाओं में भी उसके शामिल होने का संदेह है।
अभियोजन पक्ष की माँग के बाद पेरिस के क्रेटले की अदालत में एक न्यायाधीश ने उस लड़की को हिरासत में भेज दिया। अभियोजक डोमिनिक्यू गैलारडाट ने कहा कि इस नाबालिग लड़की को रिमांड पर भेजा गया है और संदेह है कि जुलाई माह के प्रारंभ से 'वॉल दे मारने' पेरिस का पश्चिमी क्षेत्र के बैंकों में हुई सात लूटों या लूट के प्रयत्नों में वह शामिल थी।
गैलारडाट ने इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार किया कि लूट की ये घटनाएँ कैसे हुई और इनमें लड़की की क्या भूमिका थी। पुलिस ने बताया कि मैयप एलफोर्ट में एचएसबीसी बैंक की शाखा में हुई लूट के संबंध में लड़की से पूछताछ की गई थी। उसके पास से चोरी का कुछ धन भी बरामद हुआ था।
पिछले कुछ सप्ताहों में क्षेत्र में लूट की सात घटनाएँ हुई हैं और पुलिस का कहना है कि सभी घटनाओं का तरीका एक ही था। हर बार एक लड़की सामान्य ग्राहक की तरह बैंक में प्रवेश करती थी। बाद में हथियार के बल पर सुरक्षा दरवाजों को खुलवा लेती थी फिर उसके साथी आ जाते थे।
|