अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के निमंत्रण पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी 28 जुलाई को अमेरिका के दौरे पर जाएँगे।
व्हाइट हाउस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि बुश और गिलानी के बीच होने वाली बैठक में पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सहयोग, आतंकवाद, आर्थिक विकास, क्षेत्रीय सहयोग आदि मुद्दों पर बातचीत होगी।
गिलानी के अमेरिकी विदेशमंत्री कोंडोलीजा राइस और रक्षामंत्री रॉबर्ट गेट्स से भी मुलाकात करने की उम्मीद है। पाकिस्तानी दूतावास गिलानी की राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार बराक ओबामा और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार जॉन मैक्केन से बैठकें कराने की भी कोशिश कर रहा है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता डाना पेरिनो ने बताया कि अफगानिस्तान के सीमावर्ती पाकिस्तानी इलाकों में तालिबानी और अलकायदा आतंकवादियों की सक्रियता से उत्पन्न हुए तनाव के मद्देनजर बुश पाकिस्तानी प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे।
इससे पूर्व बुश और गिलानी की मई में मिस्र में मुलाकात हुई थी, जहाँ उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया था।
|