पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या के मामले की जाँच से संबधित कानूनी प्रक्रिया के सिलसिले में संयुक्तराष्ट्र महासचिव बान की मून से 10 जुलाई को न्यूयॉर्क में मुलाकात करेंगे।
'द न्यूज' के मुताबिक इस मुलाकात में हत्या मामले की जाँच के लिए अंतरराष्ट्रीय आयोग गठित किए जाने पर चर्चा होगी। कुरैशी के साथ चार सदस्यीय शिष्टमंडल भी अमेरिका जा रहा है।
बैठक में आयोग के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अधीन या फिर सीधे तौर पर महासचिव के नियंत्रण में गठित किए जाने के विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पाकिस्तान सरकार चाहती है कि बान अपनी देख-रेख में जाँच आयोग का गठन करें और इसमें शामिल अंतरराष्ट्रीय अपराध विशेषज्ञ अपनी रिपोर्ट सीधे उन्हें सौंपें।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस सबंध में कुरैशी को सख्त हिदायत दी है कि वह इस बात का ध्यान रखें की जाँच आयोग सुरक्षा परिषद् के अधिकार क्षेत्र में न हो।
वैसे भी जाँच के लिए बान को भेजे अनुरोध पत्र में पाकिस्तान सरकार ने जिस अंतरराष्ट्रीय आयोग के गठन की बात कही है उसमें कहीं भी सुरक्षा परिषद का कोई जिक्र नहीं है।
|